
अम्बेडकरनगर। कुर्की बाजार स्थित जय एंड जय ब्रदर्स एजुकेशनल हब में नारायण फाउंडेशन के संरक्षक और भाजपा नेता विवेक मौर्य ने प्रशिक्षित 80 छात्राओं को स्किलिंग सर्टिफिकेट वितरित किए। कार्यक्रम का आयोजन सेंटर हेड जयचंद राजभर के आमंत्रण पर किया गया। यह प्रशिक्षण भारत सरकार के समर्थ सिलाई मशीन ऑपरेटर (SMO) ट्रेनिंग प्रोग्राम और CCC कोर्स ट्रेनिंग प्रोग्राम के अंतर्गत आयोजित किया गया था।
SMO और CCC कोर्स की छात्राओं को मिला प्रमाणपत्र
कार्यक्रम में कुल 65 छात्राओं को SMO सिलाई मशीन ऑपरेटर प्रशिक्षण का प्रमाणपत्र और 15 छात्राओं को CCC कंप्यूटर कोर्स का प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। सर्टिफिकेट वितरण के दौरान विवेक मौर्य ने कहा कि टियर 2 और टियर 3 शहरों में इस प्रकार के स्किल सेंटर युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का बड़ा माध्यम बन रहे हैं।
युवाओं को आत्मनिर्भर भारत बनाने में भूमिका
विवेक मौर्य ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की योगी सरकार युवाओं को आगे बढ़ने के कई अवसर प्रदान कर रही हैं। ऐसे स्किल सेंटर से प्रशिक्षित युवा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत लक्ष्य को हासिल करने में अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी निभाएंगे। उन्होंने जयचंद राजभर का भी आभार व्यक्त किया कि वे अकबरपुर के युवाओं को मार्केट की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षित कर रोजगार और प्लेसमेंट के अवसर उपलब्ध करा रहे हैं।
संस्थान संचालक ने कहा, युवाओं को अवसर देने पर जोर
संस्थान के संचालक जयचंद राजभर ने कहा कि उनका प्रयास है कि क्षेत्र के अधिक से अधिक युवा रोजगार और स्वरोजगार के माध्यम से जिले, प्रदेश और देश की तरक्की में योगदान दें। उन्होंने कहा कि विवेक मौर्य ने संस्थान की छात्राओं का मनोबल बढ़ाया और उनका मार्गदर्शन किया। उन्होंने युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में विवेक मौर्य के कार्य को प्रशंसनीय और अभिनंदनीय बताया।









