- गाय को बचाने के दौरान बेकाबू पिकअप सामने से आ रहे ट्रक से टकराई
- हादसे में 8 लोगों की मौके पर मौत, 23 घायल
- ग्वालियर से धान की रोपाई का काम पूरा कर घर लौट रहे थे मजदूर
भिंड/लखीमपुर खीरी। मध्य प्रदेश के भिंड में हुए भीषण सड़क हादसे में उत्तर प्रदेश के आठ लोगों की मौत हो गई। सोमवार देर रात करीब एक बजे गोहद चौराहा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार पिकअप गाय को बचाने के प्रयास में बेकाबू हो गई और सामने से आ रहे ट्रक से जा भिड़ी।
हादसे में पिकअप में सवार आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 23 लोग घायल बताए जा रहे हैं। सभी मजदूर ग्वालियर में धान की रोपाई का काम पूरा करने के बाद अपने घर लखीमपुर खीरी लौट रहे थे।
टक्कर में पिकअप के उड़े परखच्चे
हादसा इतना भीषण था कि ट्रक और पिकअप के बीच जोरदार टक्कर हुई। पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। ट्रक को भी काफी नुकसान पहुंचा। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे।
मौके पर चीख-पुकार मच गई। सड़क पर शव पड़े थे और घायल मदद के लिए कराह रहे थे। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ घायलों को संभाला और उन्हें सड़क किनारे पहुंचाया।
छीमका गांव के पास हुआ हादसा
हादसा गोहद चौराहा थाना क्षेत्र के छीमका गांव के पास हुआ। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल भेजा गया।
हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस मृतकों की पहचान के प्रयास कर रही है और हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
सीएम योगी ने आर्थिक मदद का किया ऐलान
हादसे की जानकारी मिलने के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर दुख जताया। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया।









