
अम्बेडकरनगर। जिले की ग्राम पंचायत आमादरवेशपुर में भारत सरकार की जल जीवन मिशन योजना तय समय सीमा में पूरी नहीं हो सकी है। योजना को 18 जनवरी 2024 तक पूरा किया जाना था, लेकिन एक वर्ष बीतने के बाद भी कार्य अधूरा है। कागजों में प्रगति दर्शाए जाने के बावजूद जमीनी स्तर पर परियोजना अपने उद्देश्य से काफी पीछे नजर आ रही है।
‘आमादरवेशपुर पेयजल योजना’ पर 392.49 लाख की लागत
जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित ‘आमादरवेशपुर पेयजल योजना’ की अनुमानित लागत 392.49 लाख रुपये है। इस परियोजना के माध्यम से दो गांवों में हर घर नल से जल आपूर्ति सुनिश्चित की जानी थी। योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना और जल सुरक्षा को मजबूत करना है।
निर्धारित समय सीमा में नहीं हुआ कार्य पूर्ण
योजना की स्वीकृति के समय इसे 18 जनवरी 2024 तक पूर्ण किया जाना था, लेकिन समय सीमा समाप्त होने के बावजूद निर्माण कार्य अधूरा है। गांव में न तो पानी की टंकी का निर्माण पूरा हो पाया है और न ही पाइपलाइन बिछाने का कार्य आगे बढ़ सका है। इससे योजना के लाभ से ग्रामीण अब तक वंचित हैं।








