सोना 4,090 और चांदी 9,658 रुपए सस्ती, निवेशकों में बढ़ी सतर्कता

मिडिल ईस्ट तनाव का असर बुलियन बाजार पर, 10 दिनों में चांदी 27 हजार और सोना 8 हजार रुपए तक टूटा

नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बीच सोने और चांदी की कीमतों में मंगलवार को बड़ी गिरावट दर्ज की गई। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 24 कैरेट सोने की कीमत 4,090 रुपए घटकर 1.48 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गई है। वहीं, चांदी की कीमत में 9,658 रुपए की गिरावट दर्ज की गई, जिसके बाद इसका भाव 2.36 लाख रुपए प्रति किलोग्राम रह गया।

बाजार आंकड़ों के अनुसार, 31 मई को चांदी की कीमत 2.63 लाख रुपए प्रति किलोग्राम थी। इस तरह महज 10 दिनों में चांदी करीब 27 हजार रुपए सस्ती हो चुकी है। इसी अवधि में सोने की कीमतों में भी लगभग 8 हजार रुपए की कमी दर्ज की गई है।

विशेषज्ञों का मानना है कि मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव और वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के कारण निवेशक बाजार से पूंजी निकालकर नकदी सुरक्षित रखने को प्राथमिकता दे रहे हैं। इसका सीधा असर कीमती धातुओं की कीमतों पर देखने को मिल रहा है।

इस वर्ष सोने और चांदी दोनों में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। 31 दिसंबर 2025 को सोने का भाव 1.33 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम था, जो 29 जनवरी 2026 को बढ़कर 1.76 लाख रुपए के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था। इसके बाद से अब तक सोने की कीमत में करीब 28 हजार रुपए की गिरावट आ चुकी है।

वहीं, चांदी का भाव 31 दिसंबर 2025 को 2.30 लाख रुपए प्रति किलोग्राम था, जो 29 जनवरी 2026 को बढ़कर 3.86 लाख रुपए के ऑलटाइम हाई स्तर तक पहुंच गया था। तब से अब तक करीब 130 दिनों में चांदी की कीमत में 1.50 लाख रुपए की भारी गिरावट दर्ज की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button