
सुबह हल्का कोहरा और 13 किमी/घंटा की बर्फीली हवाएं
दिन में गुनगुनी धूप, अधिकतम 21°C, न्यूनतम 6°C
15 जनवरी से न्यूनतम तापमान में 3-5 डिग्री की बढ़ोतरी
लखनऊ। आज सुबह लखनऊ में हल्के कोहरे के साथ धुंध बनी रही, जबकि 13 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बर्फीली हवाएं चलीं। सुबह के कोहरे के बाद मौसम साफ हो गया और दिनभर गुनगुनी धूप का असर रहा। मौसम विभाग के अनुसार आज अधिकतम तापमान 21 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।
मंगलवार का तापमान और आर्द्रता
मंगलवार को अधिकतम तापमान 21.7 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1 डिग्री अधिक था। वहीं न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री रहा, जो इस सीजन का सबसे कम स्तर और सामान्य से 1.5 डिग्री कम था। अधिकतम आर्द्रता 83% और न्यूनतम आर्द्रता 33% रही। दिनभर तेज धूप का असर भी बना रहा।
आगामी मौसम का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार, 15 जनवरी से दो पश्चिमी विक्षोभों के असर से न्यूनतम तापमान में 3-5 डिग्री की क्रमिक बढ़ोतरी होगी। इससे पश्चिमी यूपी में चल रही शीतलहर से राहत मिलेगी, लेकिन कोहरे का घनत्व बढ़ सकता है। दिन में मौसम खुशगवार रहेगा। 18 जनवरी को कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी के साथ बारिश शुरू होने की संभावना है, जो अगले 2-3 दिनों तक जारी रह सकती है।
स्थानीय चेतावनी
आगामी 48 घंटों में अलीगढ़, मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद और रुहेलखंड मंडल के जिलों में रात के समय कहीं-कहीं शीतलहर के साथ पाला पड़ने की संभावना है। उत्तरी तराई और सुदूर दक्षिणी इलाकों में सुबह के घने कोहरे के बाद धूप खिलने से दिन में ठंड से राहत मिलेगी।









