छात्रों से लकड़ी ढुलवाने का वीडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई

अम्बेडकरनगर। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अम्बेडकरनगर ने शिक्षा क्षेत्र अकबरपुर के प्राथमिक विद्यालय उकरा के प्रधानाध्यापक भरतलाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
यह कदम तब उठाया गया जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया, जिसमें प्रधानाध्यापक विद्यालय में अध्ययनरत छात्रों से विद्यालय परिसर में कटवाए गए पेड़ की लकड़ी को वाहन में रखवाते हुए दिखाई दे रहे थे।

वीडियो आया संज्ञान में, जांच के आदेश

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि वीडियो के संज्ञान में आते ही मामले की प्रारंभिक जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी अकबरपुर को निर्देशित किया गया।
जांच के दौरान यह पुष्टि हुई कि वीडियो प्राथमिक विद्यालय उकरा, शिक्षा क्षेत्र अकबरपुर का ही है। वीडियो में विद्यालय परिसर में स्थित एक सेमल का पेड़ कटवाए जाने और उसकी लकड़ी को छात्रों से ढुलवाने की बात सामने आई।

खंड शिक्षा अधिकारी अकबरपुर ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि शिकायत प्रथम दृष्टया सत्य पाई गई है।

नियमों का उल्लंघन कर पाए गए दोषी

प्राथमिक जांच रिपोर्ट के अनुसार, प्रधानाध्यापक भरतलाल ने अपने पदीय दायित्वों का निर्वहन करने में गंभीर लापरवाही बरती और बच्चों से श्रम कराकर कई कानूनों का उल्लंघन किया।
यह कृत्य बाल श्रम (प्रतिषेध और विनियमन) अधिनियम, 1986, निःशुल्क और अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम, 2009 तथा उत्तर प्रदेश निःशुल्क और अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार नियमावली, 2011 के प्रतिकूल पाया गया है।

साथ ही यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद कर्मचारी वर्ग नियमावली 1973 और उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक (अनुशासन एवं अपील) नियमावली 1999 के नियम 4(2) के अंतर्गत की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button