
अम्बेडकरनगर। जनपद में आयोजित श्रवण धाम महोत्सव–2026 का प्रथम दिवस रविवार को भव्य और सुव्यवस्थित कार्यक्रमों के साथ संपन्न हुआ। महात्मा श्रवण कुमार की निर्वाण स्थली त्रिवेणी घाट दीपोत्सव के दौरान लाखों दीपों की रोशनी से आलोकित हो उठी। घाटों पर सजी दीपों की कतारों ने आध्यात्मिक और सांस्कृतिक वातावरण रच दिया, जिसे देखने के लिए हजारों श्रद्धालु पहुंचे।
दीपोत्सव से शुरू हुआ महोत्सव
महोत्सव के पहले दिन त्रिवेणी घाट पर दीपोत्सव का आयोजन किया गया। दीप प्रज्ज्वलन के साथ पूरे क्षेत्र में भक्ति और शांति का वातावरण बना। इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य हरिओम पांडे, कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद, जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, पुलिस अधीक्षक अभिजित आर शंकर, मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला सहित जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
डमरू तमसा आरती में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
दीपोत्सव के बाद त्रिवेणी घाट पर डमरू तमसा आरती का आयोजन किया गया। आरती के दौरान घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। शंखनाद, डमरू और आरती की ध्वनि के बीच घाट का दृश्य पूरी तरह आध्यात्मिक रंग में डूबा नजर आया। आयोजन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।









