
अंबेडकरनगर। जिले में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का एक और मामला सामने आया है। खाद एवं रसद विभाग में नियुक्ति का झांसा देकर लाखों रुपये हड़पने के आरोप में मालीपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
2022-23 में लिया गया था पैसा
मालीपुर थाना क्षेत्र के तारा खुर्द कल्याणपुर निवासी दीपक मौर्य ने पुलिस को बताया कि राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के गोवर्धनपुर तिवारी का पुरवा निवासी सौरभ तिवारी ने उन्हें खाद एवं रसद विभाग में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। इसी भरोसे में वर्ष 2022-23 के दौरान आरोपी ने उनसे कुल चार लाख रुपये ले लिए।
पीड़ित के अनुसार 3 लाख 52 हजार 825 रुपये यूपीआई के माध्यम से ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए, जबकि 47 हजार 175 रुपये नकद दिए गए थे। पैसे लेने के बाद आरोपी लगातार नौकरी लगने का आश्वासन देता रहा।
एक साल तक चलता रहा झांसा
दीपक मौर्य ने बताया कि लगभग एक वर्ष तक आरोपी ने अलग-अलग बहाने बनाकर टालमटोल की। बार-बार दबाव डालने पर आरोपी ने उन्हें एक नियुक्ति पत्र भी सौंपा, जिसे वह असली बताता रहा। पीड़ित उस नियुक्ति पत्र के आधार पर जॉइनिंग के लिए लखनऊ पहुंचे, जहां जांच के दौरान पता चला कि इस नाम से कोई नियुक्ति पत्र जारी ही नहीं किया गया है।








