लखनऊ। भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) लखनऊ ने 10+2 उत्तीर्ण छात्रों के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और बिजनेस एनालिटिक्स में बैचलर ऑफ साइंस (BS) प्रोग्राम शुरू करने की घोषणा की है। इस नए कार्यक्रम के माध्यम से छात्रों को तकनीक और प्रबंधन दोनों क्षेत्रों में विशेषज्ञता हासिल करने का अवसर मिलेगा।
संस्थान के अनुसार, इस कोर्स की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि तीन वर्षीय BS कार्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा करने वाले छात्र आगे टेक-एमबीए (Tech-MBA) कार्यक्रम में प्रवेश लेकर डुअल डिग्री प्राप्त कर सकेंगे। इससे छात्रों को तकनीकी और प्रबंधन शिक्षा का संयुक्त लाभ मिलेगा।
IIM लखनऊ ने बताया कि पहले बैच में कुल 60 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। कार्यक्रम के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और आवेदन करने की अंतिम तिथि 3 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।
प्रवेश के लिए उम्मीदवारों का वर्ष 2025 या 2026 में 12वीं कक्षा फिजिक्स, केमिस्ट्री और मैथ्स (PCM) विषयों के साथ उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। इसके अलावा अभ्यर्थियों को JEE Advanced 2026 परीक्षा क्वालिफाई करनी होगी।
संस्थान के मुताबिक, चयन प्रक्रिया में अभ्यर्थियों के शैक्षणिक प्रदर्शन और JEE Advanced स्कोर को आधार बनाया जाएगा। अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार 5 प्रतिशत अंकों की छूट प्रदान की जाएगी।
IIM लखनऊ का मानना है कि यह कार्यक्रम छात्रों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा एनालिटिक्स और बिजनेस मैनेजमेंट जैसे उभरते क्षेत्रों में बेहतर करियर अवसर उपलब्ध कराने में मदद करेगा।









