
अंबेडकरनगर। जनपद के भीटी क्षेत्र में बुधवार को दिनदहाड़े हुई आपराधिक वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। जमोलीगंज बाजार स्थित ज्योति जायसवाल की शराब दुकान में घुसकर दो अज्ञात बदमाशों ने कार्यरत सेल्समैन विमल जायसवाल को गोली मार दी। गोली उनके पेट के निचले हिस्से में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। बदमाश वारदात के बाद दुकान में रखी नकदी लूटकर फरार हो गए।
घटना दोपहर के समय की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक से पहुंचे दो युवक अचानक दुकान के अंदर घुसे और बिना किसी बहस के सेल्समैन पर फायर कर दिया। गोली चलने की आवाज सुनते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई। दुकानदारों ने आनन-फानन में अपने प्रतिष्ठान बंद कर लिए, जबकि मौके पर मौजूद लोग दहशत में इधर-उधर भागने लगे।
घायल सेल्समैन को अस्पताल में कराया गया भर्ती
गोली लगने के बाद सेल्समैन विमल जायसवाल लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए उन्हें तत्काल भीटी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
नकदी लूटकर भागे बदमाश
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने गोली मारने के बाद काउंटर में रखी नकदी लूट ली। हालांकि लूटी गई रकम कितनी है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश जिस बाइक से आए थे, उसे घटनास्थल पर ही छोड़कर पैदल फरार हो गए। बाइक को लेकर पुलिस को अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।









