
शाम 6 बजे बजा एअर रेड सायरन, बंद हुईं लाइटें
पुलिस लाइन में मुख्य आयोजन, प्रशासन रहा सतर्क
आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों का अभ्यास
अम्बेडकरनगर। नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जन्मदिन पर गुरुवार को जिले में ब्लैक आउट मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। शासन के निर्देश पर यह अभ्यास नागरिक सुरक्षा के तहत कराया गया। शाम ठीक छह बजे जैसे ही एअर रेड सायरन बजा, लोगों ने अपने घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों की लाइटें बंद कर दीं। कुछ देर के लिए पूरा इलाका अंधेरे में डूब गया।
ब्लैक आउट मॉक ड्रिल का मुख्य आयोजन पुलिस लाइन परिसर में हुआ। यहां प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस, नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक और आपदा प्रबंधन से जुड़े कर्मचारी मौजूद रहे। अभ्यास के दौरान यह देखा गया कि आपात स्थिति में आमजन और विभाग कितनी जल्दी प्रतिक्रिया देते हैं। सायरन की आवाज के साथ लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने का संदेश दिया गया।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्योत्सना बंधु ने बताया कि यह मॉक ड्रिल पूरी तरह योजनाबद्ध रही। इसका उद्देश्य लोगों को संभावित आपात हालात, जैसे हवाई हमला या बड़ी आपदा के समय सतर्क और तैयार रखना है। उन्होंने कहा कि ड्रिल के दौरान नागरिकों का सहयोग संतोषजनक रहा।









