नर्मदा अपार्टमेंट में 300 3BHK + स्टडी फ्लैट्स और 12 पेंटहाउस बनाए जाएंगे

लखनऊ। गोमती नगर विस्तार, सेक्टर-4 में लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) 29 मंजिला नर्मदा अपार्टमेंट का निर्माण कराएगा। इसमें 2100 वर्गफुट क्षेत्रफल के 300 3BHK + स्टडी फ्लैट्स और 12 पेंटहाउस बनाए जाएंगे। फ्लैटों की शुरुआती कीमत 1.4 करोड़ रुपए रखी गई है, जबकि पेंटहाउस की कीमत 2.8 करोड़ रुपए से शुरू होगी।

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने परियोजना के आदेश जारी कर दिए हैं। फ्लैटों का पंजीकरण 24 जनवरी से 23 फरवरी तक केवल एलडीए की आधिकारिक वेबसाइट पर होगा। फ्लैट आवंटन लॉटरी सिस्टम के माध्यम से पारदर्शी तरीके से किया जाएगा। पंजीकरण के लिए फ्लैट की कीमत का 5% जमा करना होगा, जबकि आरक्षित वर्ग के लिए यह राशि 2.5% तय है।

परियोजना में 90 मीटर ऊंचे 3 टावर, जिम, स्वीमिंग पूल, क्लब हाउस, पार्क, किड्स प्ले एरिया, पावर बैकअप और 500 से अधिक वाहनों की पार्किंग सहित सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

लोकेशन की बात करें तो नर्मदा अपार्टमेंट जी-20 रोड पर राप्ती अपार्टमेंट के पास बनेगा। यहां से शहीद पथ, इकाना क्रिकेट स्टेडियम, प्लासियो मॉल और पुलिस मुख्यालय बेहद नजदीक हैं। एलडीए ने ऑनलाइन डिमांड सर्वे में सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलने के बाद परियोजना को मंजूरी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button