
कानपुर में 7 दिन में दो बार सड़क धंसने का मामला
बृहमनगर चौराहा और ईदगाह चौराहा पर सड़क धंसी
भाजपा पार्षदों ने नगर निगम पर लीपापोती का आरोप लगाया
कानपुर। शहर में 7 दिन के अंदर दो बार सड़क धंसने का मामला सामने आया है। हाल ही में दो दिन पहले बृहमनगर चौराहा पर करोड़ों रुपये खर्च कर बनाई गई सड़क धंस गई। इससे पहले 22 जनवरी को ईदगाह चौराहा के पास लगभग 15 मीटर सड़क धंस गई थी, जहां करीब 25 फीट गड्ढा बन गया।
भाजपा पार्षदों ने नगर निगम पर कार्य में लीपापोती करने का आरोप लगाया है। इलाके के लोग भी धंसती सड़क को लेकर नाराजगी जता रहे हैं।
बृहमनगर चौराहा निवासी नीरज शुक्ला ने बताया कि यह सड़क जून में धंसी थी, इसके बाद मिट्टी भराव का काम हुआ था। लेकिन बारिश और मिट्टी की कमजोरी की वजह से सड़क फिर से धंस गई है। ईदगाह के पास 200 मीटर की दूरी पर सड़क धंसी हुई है। उन्होंने अधिकारियों से जल्द से जल्द सड़क को दुरुस्त करने की मांग की।
वहीं बृहमनगर निवासी रिंकू ने बताया कि अभी दो महीने पहले चौराहा बनाया गया था, लेकिन बारिश और मिट्टी धंसने की वजह से सड़क क्षतिग्रस्त हो गई। कुल 700 मीटर में तीन जगह सड़क धंसी हुई है, जिनमें ईदगाह, रामबाग गुरुद्वारा और बृहमनगर चौराहा शामिल हैं। उन्होंने अधिकारियों से काम तुरंत पूरा करने की अपील की, ताकि आम लोगों को आने-जाने में परेशानी न हो।








