फर्जी पेपर लीक चैनल चलाकर अभ्यर्थियों से ठगी

एसटीएफ ने बिहार से आरोपी को दबोचा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने प्रतियोगी परीक्षाओं का पेपर लीक कराने का झांसा देकर अभ्यर्थियों से ठगी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टेलीग्राम पर फर्जी चैनल बनाकर परीक्षार्थियों से रुपये वसूलता था। एसटीएफ ने उसे बिहार के पटना से गिरफ्तार कर लखनऊ लाया है।

एसटीएफ के अनुसार, अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल यूनिवर्सिटी द्वारा आयोजित यूपी सीनेट (UP CNET) परीक्षा का प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने का दावा करते हुए टेलीग्राम पर “UP CNET OUT QUESTION PRIVATE CHANNEL” नाम से फर्जी चैनल संचालित किए जा रहे थे। इन चैनलों के माध्यम से अभ्यर्थियों को परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिका उपलब्ध कराने का लालच दिया जाता था।

आरोप है कि गिरोह प्रति अभ्यर्थी दो हजार रुपये तक की रकम वसूल रहा था। मामले की शिकायत मिलने पर परीक्षा नियंत्रक की ओर से सुशांत गोल्फ सिटी थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था, जिसके बाद एसटीएफ ने जांच शुरू की।

जांच के दौरान डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर एसटीएफ को पता चला कि बिहार के पटना निवासी ओम कुमार टेलीग्राम चैनलों के माध्यम से क्यूआर कोड भेजकर अभ्यर्थियों से अपने बैंक खातों में रकम जमा करवा रहा था। इसके बाद एसटीएफ टीम ने उसे पटना के पंडाराक क्षेत्र से हिरासत में लिया और पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button