
मुंबई। अजित पवार के अचानक निधन के बाद महाराष्ट्र में उप मुख्यमंत्री का पद खाली हो गया है और अब उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार को इस पद पर लाने की अटकलें तेज हो गई हैं। NCP नेता छगन भुजबल ने शुक्रवार को बताया कि पार्टी के विधायक दल की बैठक कल होगी और सुनेत्रा पवार के नाम पर चर्चा हो रही है। अगर बैठक में फैसला होता है, तो शपथ ग्रहण समारोह उसी दिन हो सकता है।
अजित पवार की 28 जनवरी को बारामती में प्लेन क्रैश में मौत हो गई थी। वे जिला परिषद चुनाव के लिए रैली को संबोधित करने जा रहे थे। अजित पवार के पास महाराष्ट्र सरकार में वित्त, आबकारी और खेल विभागों के साथ डिप्टी चीफ मिनिस्टर का पद था।
आज NCP के नेता प्रफुल्ल पटेल, छगन भुजबल और सुनील तटकरे CM देवेंद्र फडणवीस से मिलने उनके घर वर्षा बंगले पहुंचे। मीटिंग लगभग आधे घंटे तक चली। NCP नेताओं में यह चर्चा जारी है कि अजित पवार के विभाग और पार्टी की नेशनल लीडरशिप किसे दी जाए। माना जा रहा है कि दोनों गुटों के विलय पर आखिरी फैसला शरद पवार लेंगे।









