आगरा में आंधी-बारिश से गर्मी से राहत, 14 जून तक मौसम बदलने के आसार

तेज हवाओं और बारिश के बाद तापमान में बदलाव, मौसम विभाग ने धूल भरी आंधी और बूंदाबांदी की जताई संभावना

आगरा । आगरा में मंगलवार देर रात आई तेज आंधी और बारिश के बाद लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। बुधवार सुबह से धूप जरूर निकली, लेकिन मंगलवार की तुलना में गर्मी और तपिश कम महसूस की गई। हल्की हवाएं चलने से मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहा।

मौसम विभाग के अनुसार, 14 जून तक जिले में मौसम का मिजाज बदलता रह सकता है। इस दौरान धूल भरी आंधी चलने के साथ बूंदाबांदी या हल्की बारिश होने की संभावना बनी हुई है। बुधवार को भी दोपहर बाद मौसम में बदलाव के संकेत हैं।

मंगलवार को सुबह से ही तेज धूप और उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान कर दिया था। हालात ऐसे थे कि बिना एसी और कूलर के राहत मिलना मुश्किल हो गया था। दिनभर लोगों को गर्म हवाओं और चिलचिलाती धूप का सामना करना पड़ा।

हालांकि, शाम होते-होते मौसम ने करवट ली और तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। इससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार की तुलना में बुधवार को अधिकतम तापमान में 0.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान में 2.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बावजूद इसके, आंधी और हवाओं के कारण मौसम पहले की अपेक्षा अधिक आरामदायक महसूस किया गया।

विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी गतिविधियों के प्रभाव से आगरा और आसपास के क्षेत्रों में मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button