लंदन-बेंगलुरु फ्लाइट में तकनीकी खराबी के बाद लिया गया फैसला

सभी 32 ड्रीमलाइनर विमानों की फ्यूल सिस्टम जांच

यात्रियों की सुरक्षा को लेकर एयर इंडिया सतर्क

बोइंग कंपनी से रिपोर्ट का इंतजार

लंदन से बेंगलुरु आने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट में तकनीकी खराबी सामने आने के बाद एयरलाइन ने बड़ा फैसला लिया है। एयर इंडिया ने अपने सभी बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमानों के फ्यूल कंट्रोल स्विच की दोबारा जांच शुरू कर दी है। यह कदम यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एहतियातन उठाया गया है।

जानकारी के अनुसार, हाल ही में लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट से बेंगलुरु आने वाली एक फ्लाइट में फ्यूल कंट्रोल स्विच में गड़बड़ी की शिकायत सामने आई थी। इस विमान में करीब 200 यात्री सवार थे। हालांकि, उड़ान सुरक्षित तरीके से पूरी हुई और किसी यात्री को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।

इस मामले को लेकर एयर इंडिया के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट मनीष उप्पल ने बोइंग 787 विमान उड़ाने वाले सभी पायलटों को एक ईमेल भेजकर स्थिति की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि फिलहाल एयर इंडिया के बेड़े में 32 बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान शामिल हैं और सभी की गहन जांच की जा रही है।

अपने ईमेल में मनीष उप्पल ने कहा कि फ्यूल कंट्रोल स्विच के लैच की फ्लीट-वाइड री-इंस्पेक्शन कराई जा रही है। इसके लिए इंजीनियरिंग टीम को बोइंग कंपनी के पास भेजा गया है। कंपनी की रिपोर्ट आने तक अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है और सभी विमानों की जांच जारी है।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अब तक जिन विमानों की जांच की गई है, उनमें किसी तरह की तकनीकी खामी नहीं पाई गई है। इसके बावजूद, सुरक्षा के लिहाज से किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button