बसखारी में क्षेत्र पंचायत बैठक

अंबेडकरनगर। विकासखंड बसखारी के ड्वाकरा हाल में मंगलवार को ब्लॉक प्रमुख नरेंद्र मोहन उर्फ संजय सिंह की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत सदस्यों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक का संचालन भाजपा नेता रूद्र प्रसाद उपाध्याय ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में खंड विकास अधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह उपस्थित रहे।

बैठक में विकासखंड की ग्राम पंचायतों में पिछले वर्षों में हुए विकास कार्यों की समीक्षा की गई और आगामी कार्यों के लिए कार्य योजना की रूपरेखा तैयार की गई। बैठक में लघु सिंचाई, सहकारिता कृषि, किसान क्रेडिट कार्ड (KCC), वृक्षारोपण कार्यक्रम, जनस्वास्थ्य और स्वच्छता योजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई।

साथ ही राष्ट्रीय आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, राज्य वित्त योजना और सामूहिक विवाह योजना सहित अन्य योजनाओं के क्रियान्वयन पर भी विस्तार से विचार किया गया। बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि सभी योजनाओं का लाभ सीधे जरूरतमंदों तक पहुंचाया जाना चाहिए और हर ग्राम पंचायत में विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।

भाजपा नेता ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार मिलकर ग्रामीण स्तर पर विकास कार्य करवा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की मंशा ग्राम पंचायतों को नगरीय विकास की तर्ज पर विकसित करने की है, जिसके लिए स्पष्ट रूपरेखा तय की जा रही है।

बैठक में एडीओ पंचायत उमाशंकर सिंह, प्रधान संघ अध्यक्ष विजय मणि यादव, ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष विजय विश्वकर्मा, राजीव वर्मा, अवधेश शुक्ल सहित अन्य विभागों के कर्मचारी, सभी क्षेत्र पंचायत सदस्य और प्रधानगण मौजूद रहे। सभी उपस्थित अधिकारियों और सदस्यगण ने अपने क्षेत्रों में हुई प्रगति और आगामी योजनाओं पर सुझाव और दिशा-निर्देश साझा किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button