
मेरठ में 13 वर्षीय छात्र बाथरूम में बेसुध पाया गया
गले में स्कूल का आईकार्ड फंदा बन गया
माता-पिता का अनुमान: पैर फिसलने से हुआ हादसा
मेरठ। मेरठ के कंकरखेड़ा C-ब्लॉक, सैनिक विहार में सोमवार शाम एक 13 वर्षीय छात्र लक्ष्य बालियान बेसुध पाया गया। उसके गले में स्कूल का आईकार्ड लटका हुआ था, जिसका रिबन बाथरूम की टोंटी में फंस गया था। परिवार ने आनन-फानन उसे अस्पताल ले जाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
लक्ष्य के पिता दीपक बालियान BSF में हैं और इस समय मेघालय में तैनात हैं। परिवार के अनुसार लक्ष्य ट्यूशन से घर आया और बाथरूम में गया। काफी देर तक नहीं निकलने पर मां गुड़िया ने देखा कि लक्ष्य बेसुध पड़ा है।
घरवालों का अनुमान: हादसा, न कि साजिश
परिवार का कहना है कि लक्ष्य बाथरूम में हाथ-पैर धोते समय पैर फिसल गया होगा और आईकार्ड की डोरी टोंटी में फंस गई। गले में फंदा लगने से हादसा हुआ।
पुलिस जांच और फोरेंसिक टीम का निरीक्षण
कंकरखेड़ा थाना इंचार्ज विनय कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को बच्चे की मौत की सूचना लक्ष्य हेल्थ केयर सेंटर से मिली। पुलिसकर्मी तुरंत अस्पताल पहुंचे और बच्चे की मां से पूछताछ की।
रात 9 बजे फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घर में मौजूद सबूत जुटाए। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि डॉक्टरों ने फांसी लगने से मौत की पुष्टि की है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सटीक वजह स्पष्ट होगी।
परिवार ने फिलहाल कोई कार्रवाई कराने से इनकार किया है, लेकिन पुलिस मामले की छानबीन जारी रखेगी।









