
लखनऊ। लखनऊ के पीजीआई कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत शहीद पथ पर बुधवार रात करीब 12 बजे डाला और कार के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे में डाला चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर के बाद डाला सड़क पर पलट गया।
दुर्घटना के कारण शहीद पथ की एक लेन पर लंबा जाम लग गया, जिससे राहगीरों को काफी परेशानी हुई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारु कराया।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है। प्रारंभिक जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा कार के अचानक ब्रेक लगाने, बीच सड़क पर रुकने या डाला के बेकाबू होने के कारण हुआ।
हादसे में घायल डाला चालक को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। कार चालक की पहचान प्रतीक मिश्रा और डाला चालक की पहचान विकास पांडेय के रूप में हुई है।









