आगरा। शहर के वाटर वर्क्स फ्लाईओवर पर शुक्रवार सुबह हुए सड़क हादसे में स्कूटी सवार एक बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसे के बाद फ्लाईओवर पर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात करीब एक घंटे तक प्रभावित रहा।
पुलिस के अनुसार कालिंदी विहार निवासी 67 वर्षीय रमेश तिलक सुबह स्कूटी से भगवान टॉकीज की ओर जा रहे थे। वाटर वर्क्स फ्लाईओवर पर उनकी स्कूटी किसी वाहन से टकराने के बाद अनियंत्रित हो गई, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े।
इसी दौरान पीछे से आ रहे एक वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। गंभीर चोट लगने के कारण रमेश तिलक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हादसे के कारण फ्लाईओवर पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। रामबाग की ओर से आने वाले वाहनों की लंबी कतार लग गई और जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को नियंत्रित किया और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आवागमन सुचारू कराया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे में शामिल वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।









