प्रेमिका की हत्या कर अयोध्या भागा आरोपी, मुंडन-पूजा से छुपाने की कोशिश

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के पीपीगंज क्षेत्र में 29 जनवरी की रात हुई मुंबई की रहने वाली प्रिया शेट्टी (35) की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि इस वारदात को प्रिया के बॉयफ्रेंड विजय साहनी ने अपनी पत्नी संध्या के साथ मिलकर अंजाम दिया था। हत्या के बाद आरोपी दंपती सीधे अयोध्या पहुंचा, जहां धार्मिक रस्में निभाकर खुद को बेगुनाह साबित करने की कोशिश की गई।

हत्या के बाद अयोध्या जाकर बदला हुलिया

पुलिस के मुताबिक, प्रिया की हत्या करने के बाद विजय साहनी अपनी पत्नी संध्या के साथ उसी रात अयोध्या चला गया। वहां सुबह-सुबह उसने अपना मुंडन कराया, स्नान किया और कपड़े बदले। उसकी पत्नी संध्या ने भी अपने कपड़े बदल लिए। इसके बाद दोनों ने पूजा-पाठ किया और खुद को सामान्य दिखाने की कोशिश की।

धार्मिक रस्में पूरी करने के बाद आरोपी दंपती वापस गोरखपुर के पीपीगंज स्थित ससुराल पहुंच गया।

रेलवे स्टेशन के कमरे में रुके थे तीनों

जांच में यह भी सामने आया है कि हत्या से पहले विजय, उसकी पत्नी संध्या और गर्लफ्रेंड प्रिया शेट्टी तीनों करीब 24 घंटे तक गोरखपुर रेलवे स्टेशन के एक कमरे में रुके थे। यहीं से वे प्रिया को पीपीगंज ले गए और वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस का कहना है कि तीनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जो धीरे-धीरे हत्या की साजिश में बदल गया।

पहचान मिटाने के लिए चेहरे को कुचला

हत्या के बाद आरोपी विजय ने प्रिया के चेहरे को करीब 10 मिनट तक ईंट से कुचला, ताकि उसकी पहचान न हो सके। इसके बाद रात करीब 11:35 बजे पुल के नीचे शव को फेंक दिया गया।

करीब 12 बजे विजय और उसकी पत्नी संध्या स्कूटी से मौके से फरार हो गए।

दोबारा लौटा आरोपी, जिंदा होने का था डर

पुलिस पूछताछ में विजय ने बताया कि उसे डर था कि कहीं प्रिया जिंदा न हो। इसी आशंका में वह करीब 20 मिनट बाद फिर घटनास्थल पर लौटा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button