
अम्बेडकरनगर। जनपद के थाना कोतवाली टांडा क्षेत्र अंतर्गत पंजाब नेशनल बैंक की शाखा छज्जापुर से जुड़ा एक बड़ा धोखाधड़ी और गबन का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस प्रकरण में मुख्य आरोपी उमेर अहमद पुत्र परवेज अहमद को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर बैंक कर्मियों और अपने साथियों के साथ मिलकर एनटीपीसी व एनएचआई द्वारा अधिग्रहित भूमि के मुआवजे की राशि को धोखाधड़ी से हड़पने का आरोप है।
फुलवरिया तिराहे से हुई गिरफ्तारी
थाना कोतवाली टांडा पुलिस टीम ने मु0अ0सं0 31/26 में वांछित आरोपी उमेर अहमद को 06 फरवरी 2026 की सुबह 07:05 बजे फुलवरिया तिराहे से गिरफ्तार किया। आरोपी की उम्र करीब 32 वर्ष है और वह पीलीकोठी, मुबारकपुर दक्षिणी, वार्ड नंबर 04, थाना कोतवाली टांडा का निवासी है। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे न्यायालय भेजा गया।
जनता दर्शन में हुआ खुलासा
इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब रूपवती पत्नी जगदीश प्रसाद सहित 15–16 पीड़ितों ने जनता दर्शन के दौरान शिकायत पत्र दिया। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उमेर अहमद ने अज्ञात बैंक कर्मियों के साथ मिलकर पालिसी कराने के नाम पर मुआवजा प्राप्त लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी की।
शिकायत के बाद मामले की जांच क्षेत्राधिकारी टांडा और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली टांडा को सौंपी गई। जांच में पीड़ितों के बयान दर्ज किए गए, जिनसे धोखाधड़ी की सुनियोजित साजिश सामने आई।









