ऐशबाग रेलवे स्टेशन पर बम की सूचना से हड़कंप

सुरक्षा एजेंसियों ने चलाया सर्च ऑपरेशन, स्टेशन परिसर की गहन जांच जारी।

लखनऊ। राजधानी के ऐशबाग रेलवे स्टेशन पर मंगलवार दोपहर बम होने की सूचना मिलने के बाद हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तत्काल अलर्ट मोड पर आ गईं। स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में भी अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला।

सुरक्षा के मद्देनजर प्लेटफॉर्म नंबर-1 सहित पूरे स्टेशन परिसर में व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया गया। रेलवे सुरक्षा बल (RPF), राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) और डॉग स्क्वॉड की टीमों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। सुरक्षाकर्मी स्टेशन पर खड़ी ट्रेनों, यात्रियों के सामान और अन्य संदिग्ध वस्तुओं की बारीकी से जांच कर रहे हैं।

घटना के बाद स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। रेलवे पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं और पूरे अभियान की निगरानी कर रहे हैं।

अधिकारियों के अनुसार, बम की सूचना की सत्यता की जांच की जा रही है। फिलहाल किसी भी संदिग्ध वस्तु के मिलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सुरक्षा एजेंसियां एहतियात के तौर पर लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button