अंबेडकरनगर। जिले के प्रभारी मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने शनिवार को सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान केंद्रीय बजट 2026-27 की प्रमुख उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह बजट किसानों, महिलाओं, युवाओं और कारीगरों के लिए नए अवसर लेकर आया है और इससे जिले के सामाजिक व आर्थिक विकास को गति मिलेगी।
एआई आधारित भारत विस्तार योजना से जुड़ेंगे किसान
प्रभारी मंत्री ने बताया कि केंद्रीय बजट में घोषित एआई आधारित ‘भारत विस्तार योजना’ के माध्यम से जिले के किसान आधुनिक और वैज्ञानिक तकनीकों से जुड़ेंगे। इस योजना के तहत किसानों को फसल उत्पादन, मौसम पूर्वानुमान, मिट्टी की गुणवत्ता, कीट नियंत्रण और कृषि से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे खेती की लागत घटेगी और उत्पादन में वृद्धि होगी।
महिलाओं के लिए सी-मार्ट्स की शुरुआत
ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिले में सी-मार्ट्स की स्थापना की जाएगी। इन सी-मार्ट्स के जरिए महिला स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों की मार्केटिंग, ब्रांडिंग और बिक्री के लिए एक संगठित मंच मिलेगा। इससे महिलाओं की आय बढ़ेगी और वे आत्मनिर्भर बन सकेंगी। स्थानीय स्तर पर बने उत्पादों को पहचान और बाजार मिलने से रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
विनिर्माण क्षेत्र को मिलेगा बढ़ावा
केंद्रीय बजट में विनिर्माण क्षेत्र को रणनीतिक और अग्रणी क्षेत्र के रूप में विकसित करने पर जोर दिया गया है। इसके अंतर्गत बायोफार्मा शक्ति, रेयर अर्थ मैगनेट, अनुसंधान, खनन, प्रसंस्करण और विनिर्माण गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जाएगा। प्रभारी मंत्री ने कहा कि इससे जिले में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे।








