सौर ऊर्जा से चलेगी अकबरपुर की पेयजल व्यवस्था

अंबेडकरनगर। जिला मुख्यालय स्थित नगर पालिका अकबरपुर में अब पेयजल व्यवस्था सौर ऊर्जा से संचालित होगी। इससे बिजली पर निर्भरता कम होने के साथ नगर पालिका की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी। शहर में 27 हजार से अधिक घरों तक पाइप लाइन से पानी की आपूर्ति की जा रही है, जिसके लिए 11 पानी टंकियों को भरने हेतु 35 नलकूप संचालित हैं। अब इन सभी पंपों को सौर ऊर्जा से चलाने की योजना पर काम शुरू हो गया है।

पांच करोड़ की लागत से लगेंगे सोलर पैनल

नगर पालिका की ओर से करीब पांच करोड़ रुपये की लागत से सौर ऊर्जा पैनल लगाए जाएंगे। शासन को भेजे गए प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इसके बाद सभी 35 नलकूपों पर सोलर पैनल लगाने का कार्य शुरू होगा। पंप की क्षमता के अनुसार सोलर पैनल लगाए जा रहे हैं, जिससे अधिकतम दक्षता के साथ जलापूर्ति सुनिश्चित की जा सके।

बिजली कटौती में भी नहीं रुकेगी जलापूर्ति

अब तक बिजली गुल होने की स्थिति में जलापूर्ति बाधित हो जाती थी, जिससे जलकल विभाग को समस्याओं का सामना करना पड़ता था। सौर ऊर्जा आधारित पंप शुरू होने के बाद पानी टंकियां खाली नहीं रहेंगी। दिन-रात पानी की आपूर्ति संभव होगी, जिससे त्योहारों और गर्मी के मौसम में शहरवासियों को राहत मिलेगी।

मार्च से शुरू होगा बड़े स्तर पर कार्य

गोविंद गणेशपुर वार्ड में एक पंप पहले ही सोलर पैनल से संचालित किया जा रहा है। विजयगांव और लारपुर स्थित पंपों पर सोलर पैनल लगाने का कार्य अंतिम चरण में है। शेष 32 पंपों पर मार्च माह से सोलर पैनल लगाने का कार्य शुरू किया जाएगा। सौर ऊर्जा प्लांट लगने के बाद शहर के अधिकांश इलाकों में निर्बाध जलापूर्ति की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button