यूपी में बारिश का दौर जारी, 33 जिलों में अलर्ट

गोरखपुर-अंबेडकर नगर में भारी बारिश, नदियां उफान पर; कई जगह जलभराव और हादसे

  • यूपी के 33 जिलों में बारिश का अलर्ट
  • गोरखपुर में सबसे ज्यादा 60.8 मिमी बारिश
  • अंबेडकर नगर में 52.6 मिमी वर्षा दर्ज

उत्तर प्रदेश में मानसूनी बारिश का सिलसिला लगातार जारी है। शनिवार देर रात गोरखपुर, गोंडा, बहराइच, देवरिया समेत कई जिलों में तेज बारिश हुई। रविवार सुबह लखनऊ, कानपुर, बाराबंकी समेत ज्यादातर शहरों में बादल छाए रहे, हालांकि कुछ देर बाद धूप निकल आई।

मौसम विभाग (IMD) ने रविवार को प्रदेश के 33 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। पूर्वांचल और तराई क्षेत्र के जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। पिछले 24 घंटों में यूपी के 32 शहरों में औसतन 7.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। गोरखपुर में सबसे ज्यादा 60.8 मिमी और अंबेडकर नगर में 52.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई।

पहाड़ी इलाकों में हो रही भारी बारिश का असर यूपी की नदियों पर भी दिखाई दे रहा है। प्रयागराज में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है, जबकि बिजनौर में मालन नदी का पानी पुल के ऊपर से बह रहा है।

बारिश के चलते कई जिलों में हादसे भी सामने आए हैं। महोबा में देर रात बारातियों से भरी बोलेरो नाले में गिर गई, जिसमें दूल्हे के पिता समेत 6 लोग सवार थे। स्थानीय लोगों ने नाले में कूदकर सभी की जान बचाई। वहीं मेरठ में अंडरपास में करीब 10 फीट पानी भरने से एक तांगा डूब गया, जिसमें युवक और घोड़े की मौत हो गई।

एटा में धान के खेत में करीब 10 फीट लंबा मगरमच्छ मिलने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button