
प्रयागराज। महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की अस्थियों का रविवार को प्रयागराज के संगम तट पर विधिवत विसर्जन किया गया। इस दौरान उनके बेटे जय पवार ने पूरे धार्मिक विधि-विधान के साथ पूजा-पाठ कर मंत्रोच्चारण के बीच अस्थि विसर्जन संपन्न कराया। इस भावुक मौके पर जय पवार की आंखें नम रहीं और वह पूरे कार्यक्रम के दौरान बेहद शांत नजर आए।
भावुक दिखे जय पवार, मीडिया से भी बनाए रखी दूरी
अस्थि विसर्जन के दौरान जय पवार ने किसी से बातचीत नहीं की। कार्यक्रम स्थल पर मौजूद पत्रकारों द्वारा सवाल पूछे जाने के बावजूद उन्होंने चुप्पी साधे रखी। परिवार के अन्य सदस्य भी इस दौरान भावनात्मक माहौल में नजर आए।
नंगे पैर अस्थियां लेकर एयरपोर्ट से निकले जय पवार
पवार परिवार चार्टर्ड फ्लाइट से पुणे से प्रयागराज पहुंचा था। एयरपोर्ट पर उतरने के बाद जय पवार अपने पिता की अस्थियों का कलश लेकर नंगे पैर बाहर निकले, जो वहां मौजूद लोगों के लिए भावुक दृश्य बन गया। उनके हाथ में अस्थियों का बॉक्स था, जिसे वे पूरी श्रद्धा के साथ थामे हुए थे।
लंबे काफिले के साथ संगम घाट पहुंचे
एयरपोर्ट से संगम घाट तक पवार परिवार का लंबा काफिला रवाना हुआ। घाट पर पहले पूजा-पाठ की गई, इसके बाद विधिवत अस्थि विसर्जन किया गया। इस मौके पर भाजपा और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के कई नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।









