निगोहां में भीषण सड़क हादसा, वैगनआर कार ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई

लखनऊ। निगोहां थाना क्षेत्र के उदयपुर गांव के पास रविवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार वैगनआर कार ईंट से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई।

हादसे में कार सवार महिला और पुरुष गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान सरोजनीनगर निवासी विकास और संगीता के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।

पूर्व मंत्री ने रुकवाया काफिला, घायलों की कराई मदद

इसी दौरान पूर्व जल शक्ति मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह निगोहां क्षेत्र में आयोजित एक कार्यक्रम से लौट रहे थे। सड़क हादसा देखकर उन्होंने तुरंत अपना काफिला रुकवाया और मानवीय पहल करते हुए अपनी सुरक्षा में लगे एस्कॉर्ट वाहन से दोनों घायलों को मोहनलालगंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया।

इलाज जारी, जांच में जुटी पुलिस

घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया और हादसे की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button