फरीदाबाद की नीमका जेल में बंद आतंकी की हत्या

फरीदाबाद (हरियाणा)। हरियाणा की फरीदाबाद स्थित नीमका जेल में बंद आतंकी अब्दुल रहमान की रविवार देर रात हत्या कर दी गई। जेल प्रशासन के मुताबिक, मर्डर केस में बंद कैदी अरुण चौधरी उर्फ अब्बू जट ने नुकीली चीज से उस पर हमला किया। घटना के वक्त दोनों कैदी हाई सिक्योरिटी बैरक में एक साथ बंद थे।

हत्या की जानकारी मिलते ही जेल अधिकारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद आतंकी अब्दुल रहमान के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है और जेल के अंदर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी जांच शुरू कर दी गई है।

20 वर्षीय आतंकी अब्दुल रहमान को गुजरात एटीएस ने मार्च 2025 में गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया था कि वह अलकायदा इन इंडियन सब-कांटिनेंट (AQIS) के कुख्यात आतंकी अबू सूफियान के संपर्क में था। उस पर अयोध्या में राम मंदिर को उड़ाने की साजिश रचने का गंभीर आरोप था।

वहीं, हत्या करने वाला आरोपी कैदी अरुण चौधरी उर्फ अब्बू जट भी एक चर्चित अपराधी है। उसका नाम अक्षय शर्मा हत्याकांड में सामने आ चुका है। अरुण चौधरी को पंजाब में हुई एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया था। करीब दो साल पहले उसे कठुआ जेल से फरीदाबाद की नीमका जेल में शिफ्ट किया गया था।

फिलहाल जेल प्रशासन और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। जेल के भीतर हुई इस हत्या ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button