इटौंजा में दर्दनाक सड़क हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से बुजुर्ग की मौत

लखनऊ। लखनऊ के इटौंजा इलाके में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां एक अज्ञात वाहन ने सड़क किनारे खड़े दो बुजुर्गों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के मुताबिक, इटौंजा थाना क्षेत्र के मुहाना चौकी के पास 58 वर्षीय कुंवर बहादुर सिंह अपने दोस्त अंगद सिंह के साथ सड़क किनारे खड़े थे। दोनों अपने भाई अमर बहादुर सिंह का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने दोनों को टक्कर मार दी।

परिजनों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बुजुर्ग सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। गंभीर रूप से घायल कुंवर बहादुर सिंह को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

वहीं, घायल अंगद सिंह को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक उनके पैर की हड्डी टूटकर बाहर निकल आई है, जबकि हाथ की एक अंगुली भी कट गई है। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन की पहचान करने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button