जल जीवन मिशन के तहत 65 पेयजल परियोजनाओं का लोकार्पण

गंगा दशहरा पर जिले में मनाया गया “जल अर्पण दिवस”

अम्बेडकरनगर। अम्बेडकरनगर में गंगा दशहरा के अवसर पर सोमवार को जल जीवन मिशन के अंतर्गत “जल अर्पण दिवस” समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत जिले की 65 पेयजल परियोजनाओं का लोकार्पण कर उन्हें ग्रामीणों को समर्पित किया गया। इन योजनाओं से 72 ग्राम पंचायतों और 121 राजस्व ग्रामों के हजारों लोगों को शुद्ध पेयजल की सुविधा मिलेगी।

जिले के अलग-अलग विकास खंडों में कार्यक्रम आयोजित कर पेयजल योजनाओं का शुभारंभ किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने ग्रामीणों को जल संरक्षण और स्वच्छ पेयजल के महत्व की जानकारी दी।

कटेहरी और भीटी में आयोजित हुए कार्यक्रम

विकास खंड कटेहरी के पियारेपुर पेयजल योजना स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य हरिओम पांडेय मौजूद रहे। वहीं विकास खंड भीटी के नगहरा पेयजल योजना पर विधायक धर्मराज निषाद ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को पेयजल योजनाओं की जानकारी दी गई और बताया गया कि इन योजनाओं से गांवों में घर-घर तक साफ पानी पहुंचाने का लक्ष्य है।

अफजलपुर में जिलाधिकारी ने किया लोकार्पण

विकास खंड अकबरपुर के ग्राम पंचायत अफजलपुर स्थित अफजलपुर पेयजल योजना का लोकार्पण जिलाधिकारी ईशा प्रिया, मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, खंड विकास अधिकारी विशाल सारस्वत, अधिशासी अभियंता जल निगम (ग्रामीण) और ग्राम प्रधान अफजलपुर ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।

इस दौरान अधिकारियों ने पेयजल योजना का निरीक्षण भी किया और ग्रामीणों से बातचीत कर सुविधाओं की जानकारी ली।

जल संरक्षण का दिया गया संदेश

कार्यक्रम के दौरान “जल वंदन” और “जल बंधन” कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। अधिकारियों और ग्रामीणों ने पंप हाउस एवं उच्च जलाशय पर रक्षासूत्र बांधकर जल संरक्षण का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button