मुर्शिदाबाद जाने से रोके गए विश्व हिंदू रक्षा परिषद के कार्यकर्ता

लखनऊ। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जाने से पहले ही विश्व हिंदू रक्षा परिषद के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोक लिया। पुलिस ने संगठन के विशाल खंड-2, गोमती नगर स्थित कार्यालय पर ही पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने नहीं दिया। इस दौरान संगठन की ओर से पुलिस को ज्ञापन सौंपा गया।

जानकारी के अनुसार, संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता करीब 15 कारों के काफिले के साथ कार्यालय पर एकत्र हुए थे। सभी के हाथों में भगवा झंडा था और कुछ कार्यकर्ता कुल्हाड़ी व फावड़ा लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। करीब दो घंटे तक कार्यालय परिसर में नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन चला।

प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे बाबर के नाम से किसी भी मस्जिद का निर्माण नहीं होने देंगे। उनका कहना था कि जब बाबरी मस्जिद का नाम एक बार समाप्त हो चुका है, तो उसे दोबारा जीवित कर देश का माहौल खराब करने की कोशिश क्यों की जा रही है। कार्यकर्ताओं ने बाबरी मस्जिद से जुड़ी किसी भी तरह की ईंट रखने का विरोध करने की बात कही।

दरअसल, पश्चिम बंगाल के विधायक हुमायूं कबीर ने 11 फरवरी को मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद के निर्माण को लेकर बयान दिया था। इसी बयान के विरोध में विश्व हिंदू रक्षा परिषद ने 11 फरवरी को मुर्शिदाबाद पहुंचकर प्रदर्शन करने का ऐलान किया था। पुलिस ने कानून-व्यवस्था के मद्देनजर संगठन के कार्यकर्ताओं को लखनऊ में ही रोक दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button