‘नव निर्माण के 9 वर्ष’ कार्यक्रम, योजनाओं की उपलब्धियां प्रदर्शित

अम्बेडकरनगर। प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने पर “नव निर्माण के 9 वर्ष” थीम के तहत कलेक्ट्रेट सभागार में 9 दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों ने सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रस्तुत किया।

जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला की मौजूदगी में उद्योग और श्रम विभाग की योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में उद्यमियों, व्यापारियों और लाभार्थियों की बड़ी संख्या में भागीदारी रही।

योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, मुख्यमंत्री युवा रोजगार योजना और विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना सहित कई योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। अधिकारियों ने युवाओं को स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित किया।

उपस्थित लोगों को बताया गया कि इन योजनाओं के जरिए आर्थिक सहायता और प्रशिक्षण देकर रोजगार के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं।

लाभार्थियों को मिली आर्थिक सहायता और उपकरण
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को आर्थिक सहायता और उपकरण वितरित किए गए। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत संध्या को ब्यूटी पार्लर के लिए 5 लाख रुपये का डेमो चेक दिया गया।

वहीं, मुख्यमंत्री युवा रोजगार योजना के तहत विपुल वर्मा को प्रिंटिंग प्रेस स्थापित करने के लिए 10 लाख रुपये का डेमो चेक प्रदान किया गया।

विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत दर्जी ट्रेड में पूजा, सीमा, शांति देवी, शिप्रा साहू और सुमन गुप्ता को सिलाई मशीन दी गई। बढ़ई ट्रेड के लाभार्थियों को टूल किट वितरित किए गए, जिससे वे स्वरोजगार शुरू कर सकें।

उद्यमियों और लाभार्थियों का सम्मान
राज्य कर विभाग की ओर से तीन उद्यमियों और व्यापारियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। श्रम विभाग ने कन्या विवाह सहायता योजना और मातृत्व, शिशु एवं बालिका मदद योजना के तहत लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button