
जालौन। हरियाणा के नूंह में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के 4 पुलिसकर्मियों समेत कुल 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में 2 दरोगा, 2 सिपाही और एक ड्राइवर शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम अपहरण के एक मामले में दबिश देने के लिए हरियाणा गई थी और कार्रवाई के बाद वापस लौट रही थी।
ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा
हादसा सुबह करीब 10:30 बजे एक्सप्रेस-वे पर हुआ। लौटते समय स्कॉर्पियो चला रहे ड्राइवर ने एक वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान गाड़ी अनियंत्रित हो गई और सामने चल रही दूसरी गाड़ी से जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी लोग अंदर ही बुरी तरह फंस गए।
गाड़ी में फंसे रहे शव, मशक्कत के बाद निकाले गए
हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और बचाव दल को शवों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। सभी शव गाड़ी में बुरी तरह फंसे हुए थे। बाद में एंबुलेंस की मदद से शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।
उरई कोतवाली में तैनात थे पुलिसकर्मी
बताया जा रहा है कि चारों पुलिसकर्मी जालौन के उरई कोतवाली में तैनात थे। वे एक ही टीम के साथ कार्रवाई के लिए हरियाणा गए थे।
जींद RTO में रजिस्टर्ड थी स्कॉर्पियो
हादसे का शिकार हुई काले रंग की स्कॉर्पियो जींद RTO में रजिस्टर्ड बताई जा रही है। घटनास्थल से पुलिस को एक आई-कार्ड भी मिला है, जो सब-इंस्पेक्टर मोहित यादव के नाम पर है।









