
अम्बेडकरनगर। अम्बेडकरनगर में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने यह जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में कहीं भी ईंधन की कमी नहीं है और सभी पेट्रोल पंप सुचारु रूप से संचालित हो रहे हैं।
166 पेट्रोल पंपों पर आपूर्ति जारी
जिलाधिकारी के अनुसार जनपद में कुल 166 रिटेल आउटलेट सक्रिय हैं। सभी पंपों पर पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता सुनिश्चित है। उन्होंने बताया कि पेट्रोल की औसत दैनिक खपत 369 किलोलीटर है, जबकि वर्तमान में 850 किलोलीटर उपलब्ध है।
इसी तरह डीजल की औसत खपत 607 किलोलीटर के मुकाबले 1308 किलोलीटर स्टॉक मौजूद है। इससे स्पष्ट है कि मांग के सापेक्ष पर्याप्त से अधिक ईंधन उपलब्ध है।
तेल कंपनियों से लगातार समन्वय
प्रशासन द्वारा ऑयल कंपनियों के साथ समन्वय बनाए रखा जा रहा है। क्रेडिट पॉलिसी के तहत अग्रिम भुगतान के बाद पेट्रोल पंपों को नियमित आपूर्ति मिल रही है। इससे ईंधन की निर्बाध उपलब्धता बनी हुई है।
किसानों के लिए विशेष व्यवस्था
कृषि कार्यों को ध्यान में रखते हुए किसानों को प्राथमिकता देने की व्यवस्था की गई है। सभी पेट्रोल पंपों पर राजस्व और पुलिस विभाग के कर्मियों की तैनाती की जा रही है। यह टीम ईंधन लेने वालों का सत्यापन करेगी, ताकि जरूरतमंदों को प्राथमिकता मिल सके।
कालाबाजारी पर सख्ती की चेतावनी
जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी तरह की कालाबाजारी या अवैध भंडारण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासनिक अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं।








