राज्यसभा चुनावः हरियाणा में कांग्रेस, महाराष्ट्र में शिवसेना को तगड़ा झटका

नयी दिल्ली। भाजपा ने महाराष्ट्र और कर्नाटक में राज्यसभा चुनाव में बड़ी कामयाबी की है। पार्टी ने महाराष्ट्र में शिवसेना से एक सीट छीन ली, जबकि कर्नाटक में उम्मीद से एक सीट अधिक जीतने में कामयाब रही है। वहीं हरियाणा में गांधी परिवार के करीबी एवं कांग्रेस उम्मीदवार अजय माकन को हार का मुंह देखना पड़ा है। देश के चार राज्यों में राज्यसभा की 16 सीटों के लिए शुक्रवार को हुए चुनाव के नतीजे घोषित हो गए हैं। चुनाव परिणामों के मुताबिक कर्नाटक में भाजपा को तीन और कांग्रेस को एक सीट मिली है। वहीं, राजस्थान में कांग्रेस ने तीन, जबकि भाजपा ने एक सीट पर जीत हासिल की है। हरियाणा में राज्‍यसभा की दो सीटों के लिए हुए चुनाव भाजपा के कृष्‍णलाल पंवार और भाजपा- जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार कार्तिकेय शर्मा को जीत मिली है।

राज्यसभा चुनाव में सबसे बड़ा उलटफेर महाराष्ट्र में हुआ है। यहां पर भाजपा ने शिवसेना से एक सीट छीन ली है। राज्य में भाजपा के तीनों प्रत्याशियों को जीत मिली। वहीं, कांग्रेस नेता इमरान प्रतापगढ़ी, शिवसेना के संजय राउत और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रफुल्ल पटेल ने विजयी हुए हैं, जबकि शिवसेना उम्मीदवार संजय पवार चुनाव हार गए। महाराष्ट्र में मतगणना के साथ ही शिवसेना को बड़ा झटका लगा। पार्टी के दूसरे उम्मीदवार संजय पवार भाजपा प्रत्याशी धनंजय महादिक से हार गए। महाराष्ट्र में भाजपा के तीन, शिवसेना, राकांपा और कांग्रेस के क्रमशः एक-एक उम्मीदवार सांसद बने हैं। आयोग ने शिवसेना के एक विधायक का वोट रद्द कर दिया था।

वहीं, हरियाणा से गांधी परिवार के करीबी नेता एवं कांग्रेस उम्मीदवार अजय माकन निर्दलीय उम्मीदवार कार्तिकेय शर्मा से चुनाव हार गए, लेकिन पार्टी के लिए थोड़ी सी राहत की खबर राजस्थान से आई है। राजस्थान में कांग्रेस की बाड़ेबंदी सफल रही और पार्टी के तीनों उम्मीदवार चुनाव जीतने में कामयाब रहे हैं। अगर, पार्टी उम्मीदवार प्रमोद तिवारी को एक वोट भी कम मिलता, तो भाजपा यहां जीत हासिल करने में कामयाब हो जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button