
सुल्तानपुर। सुल्तानपुर के अखंड नगर थाने में तैनात इंस्पेक्टर (क्राइम) अरुण द्विवेदी (50) रविवार शाम एक हादसे में गोली लगने से घायल हो गए। यह घटना शाम करीब 6 बजे उनके सरकारी आवास में हुई। गोली उनके सीने को चीरते हुए दाहिने कंधे में फंस गई।
घायल अवस्था में भी इंस्पेक्टर ने हिम्मत दिखाते हुए अपने घाव को हाथ से दबाया और बाहर निकलकर पुलिसकर्मियों से मदद मांगी। इसके बाद उन्हें तत्काल इलाज के लिए Sanjay Gandhi Postgraduate Institute of Medical Sciences (लखनऊ PGI) ले जाया गया, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। सोमवार को उनकी सर्जरी की जाएगी।
कमरे में सामान रखते समय हुआ हादसा
एसपी चारू निगम के अनुसार, यह एक दुर्घटना है। इंस्पेक्टर अपने कमरे में सामान रख रहे थे, तभी अचानक गोली चल गई। घटना के तुरंत बाद थाने के दरोगा कन्हैया पांडेय उन्हें निजी वाहन से लखनऊ लेकर रवाना हुए।
पुलिस अधिकारियों ने लिया जायजा
घटना की सूचना मिलते ही सीओ कादीपुर विनय गौतम को मौके पर भेजा गया। उन्होंने बताया कि मामला गंभीर था और स्थानीय स्तर पर बेहतर इलाज की सुविधा न होने के कारण तुरंत लखनऊ रेफर किया गया।
फॉरेंसिक जांच के लिए भेजी गई रिवॉल्वर
पुलिस के अनुसार, गोली इंस्पेक्टर के सीने के पास लगी और कंधे की हड्डी में जाकर अटक गई। राहत की बात यह है कि कोई गंभीर आंतरिक चोट नहीं आई है। घटना में इस्तेमाल रिवॉल्वर को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। रिवॉल्वर के चैम्बर में पांच जिंदा कारतूस और एक खाली खोखा मिला है।








