कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में सुरक्षा और विज्ञान शिक्षा को मिलेगी नई दिशा

अम्बेडकरनगर के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में सुरक्षा और प्रबंधन प्रणाली को आधुनिक बनाने के लिए शासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 की वार्षिक कार्ययोजना और बजट के तहत समग्र शिक्षा अभियान में इन विद्यालयों में सीसी कैमरों की स्थापना को मंजूरी दी गई है।

यह पहल छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ अभिभावकों का विश्वास बढ़ाएगी। विद्यालय परिसरों की निगरानी अब अत्याधुनिक तकनीक से होगी।

प्रथम चरण में स्वीकृत धनराशि का 60 प्रतिशत जारी कर दिया गया है। दो प्रतिशत टीडीएस कटौती के बाद यह राशि अग्रिम रूप से राज्य परियोजना कार्यालय और संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को उपलब्ध कराई जा रही है।

कार्यदायी संस्था का चयन पारदर्शी निविदा प्रक्रिया के माध्यम से होगा। कार्य पूर्ण होने पर उपयोगिता प्रमाणपत्र देना अनिवार्य होगा। इससे छात्राओं की नियमित उपस्थिति और शिक्षा की गुणवत्ता में भी सुधार आने की संभावना है।

कस्तूरबा विद्यालयों में स्थापित होंगे एस्ट्रो लैब

बालिकाओं को विज्ञान और अंतरिक्ष से जोड़ने के उद्देश्य से शासन ने नई पहल की है। समग्र शिक्षा अभियान के तहत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में खगोल विज्ञान प्रयोगशालाओं (एस्ट्रो लैब) की स्थापना की मंजूरी दी गई है।

इस पहल के तहत छात्राओं को खगोल विज्ञान, अंतरिक्ष और आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों की जानकारी व्यावहारिक रूप से प्राप्त होगी। इससे उनमें वैज्ञानिक सोच, नवाचार और अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ेगी।

कार्यदाई संस्था और स्थापना प्रक्रिया

लैब स्थापना का कार्य यूपी इलेक्ट्रॉनिक्स कारपोरेशन लिमिटेड को सौंपा गया है। शासन ने क्रय प्रक्रिया, उपकरणों की आपूर्ति, स्थापना और एकीकरण को निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न कराने का निर्देश दिया है।

प्रथम चरण में स्वीकृत धनराशि का 60 प्रतिशत जारी कर दिया गया है और कार्य जल्द शुरू होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button