लखनऊ में ज्वेलर के 3 मंजिला मकान में भीषण आग

लखनऊ। लखनऊ के सरोजनीनगर इलाके में गुरुवार तड़के एक ज्वेलर के तीन मंजिला मकान में भीषण आग लग गई। हादसे के वक्त घर में परिवार के छह लोग सो रहे थे। आग तेजी से फैलते ही अफरातफरी मच गई। इस दौरान एक 22 वर्षीय युवती ने अपनी जान बचाने के लिए दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी।

किचन में शॉर्ट सर्किट से लगी आग

यह घटना सुबह करीब 3:30 बजे दरोगा खेड़ा स्थित पार्थ रिपब्लिक अपार्टमेंट के पास हुई। मकान मालिक ज्वेलर अजय रस्तोगी अपने परिवार के साथ दूसरी मंजिल पर सो रहे थे। परिवार में उनकी पत्नी अनीता वर्मा, बेटा विनायक, बेटी शीतल वर्मा, छह साल की पोती विरानिका और घरेलू सहायिका तन्नू शामिल थीं।

अजय रस्तोगी के मुताबिक, मकान की तीसरी मंजिल पर बने किचन में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी। शुरुआत में परिवार को इसकी जानकारी नहीं हुई, लेकिन पड़ोसियों के शोर मचाने पर उनकी नींद खुली। CCTV फुटेज में तीसरी मंजिल से उठती आग साफ दिखाई दी।

युवती ने लगाई छलांग, फायर ब्रिगेड ने बचाई जान

आग की भयावहता देखकर घरेलू सहायिका तन्नू ने दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। वहीं सूचना मिलते ही सरोजनीनगर और आलमबाग फायर स्टेशन से दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।

दमकल कर्मियों ने सीढ़ी लगाकर परिवार के पांच सदस्यों और एक मासूम बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान मकान धू-धूकर जलता रहा। घर में फंसे पालतू कुत्ते को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

बड़ा हादसा टला

समय रहते रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू होने से एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, आग लगने से मकान में भारी नुकसान हुआ है। फिलहाल फायर ब्रिगेड और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button