
- Lucknow में रिजर्व पुलिस लाइंस में आयोजन
- 986 महिला रिक्रूट सिपाहियों की दीक्षांत परेड 26 अप्रैल को
- Yogi Adityanath करेंगे परेड का निरीक्षण
- पूरे प्रदेश में लाइव टेलीकास्ट होगा कार्यक्रम
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में महिला सशक्तीकरण की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाते हुए पुलिस भर्ती-2025 के तहत चयनित 986 महिला रिक्रूट सिपाहियों की दीक्षांत परेड 26 अप्रैल को आयोजित की जाएगी। यह भव्य कार्यक्रम राजधानी Lucknow के रिजर्व पुलिस लाइंस में होगा।
दीक्षांत परेड का निरीक्षण प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath करेंगे और वह महिला सिपाहियों की सलामी लेंगे। कार्यक्रम सुबह करीब 8 बजे शुरू होगा, जिसका लाइव टेलीकास्ट प्रदेश के सभी जिलों के पुलिस लाइंस, पीएसी वाहिनियों और प्रशिक्षण संस्थानों में किया जाएगा।
इस आयोजन के जरिए न केवल महिला सशक्तीकरण का संदेश दिया जाएगा, बल्कि पुलिस बल में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को भी रेखांकित किया जाएगा।
महिलाओं की भर्ती में बड़ा इजाफा
आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 1947 से 2017 तक यूपी पुलिस में करीब 10 हजार महिलाओं की ही भर्ती हुई थी। वहीं 2017 के बाद यह संख्या तेजी से बढ़कर 44-45 हजार तक पहुंच गई है। अब राज्य में पुलिस भर्ती में 20 प्रतिशत महिलाओं की भागीदारी अनिवार्य कर दी गई है।
आधुनिक पुलिसिंग का प्रशिक्षण
आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती-2025 के तहत इन महिला सिपाहियों को पारंपरिक ट्रेनिंग के साथ-साथ आधुनिक पुलिसिंग के विभिन्न पहलुओं में प्रशिक्षित किया गया है।
प्रशिक्षण में सोशल पुलिसिंग, साइबर क्राइम की रोकथाम, आधुनिक तकनीक, सीसीटीएनएस, फॉरेंसिक साइंस, हथियार संचालन, अपराध नियंत्रण, विवेचना, पुलिस अभियोजन, सुरक्षा व्यवस्था, आपदा प्रबंधन, यातायात प्रबंधन और पुलिस रेडियो संचार प्रणाली जैसे विषय शामिल रहे।









