बेटी पैदा होने पर विवाहिता को प्रताड़ित कर घर से निकाला, मुकदमा दर्ज

लखनऊ: राजधानी में बेटी के जन्म के बाद विवाहिता को ससुराल में प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि ससुराल पक्ष को बेटा चाहिए था, लेकिन बेटी होने पर महिला के साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया गया।

हुसैनगंज क्षेत्र के छितवापुर पजावा निवासी लता कुमारी ने महिला थाना हजरतगंज में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता के अनुसार, उसका विवाह 28 मई 2023 को अनूप शिल्पकारन से हुआ था। शादी के बाद से ही कम दहेज को लेकर उसे ताने दिए जाते थे, लेकिन बेटी के जन्म के बाद उत्पीड़न और बढ़ गया।

पीड़िता ने बताया कि 12 जुलाई 2025 को उसने बेटी को जन्म दिया, जिसके बाद ससुराल पक्ष का व्यवहार बदल गया और उसे लगातार मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।

तहरीर के अनुसार, 29 जुलाई 2025 की रात करीब 2 बजे पति अनूप, ससुर राजेश, ननद कोमल और सास आशा देवी ने मिलकर उसके साथ मारपीट की और गाली-गलौज करते हुए उसे घर से निकाल दिया। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई।

पीड़िता का आरोप है कि डायल 112 पर सूचना देने के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने महिला थाना हजरतगंज में शिकायत दर्ज कराई और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा अपनी सुरक्षा की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button