अम्बेडकरनगर में 19.115 किलो मादक पदार्थ नष्ट, 18 मामलों से जुड़ा था माल

ड्रग डिस्पोजल कमेटी की कार्रवाई, 14.50 लाख रुपये आंकी गई कीमत

अम्बेडकरनगर। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई के तहत जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी (DDC) ने बुधवार को बड़ी मात्रा में जब्त नशीले पदार्थों का विनष्टीकरण कराया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिजित आर शंकर के निर्देशन में की गई।

पुलिस के अनुसार, जिले के 18 थानों में दर्ज 18 अलग-अलग अभियोगों से संबंधित कुल 19.115 किलोग्राम मादक पदार्थ नष्ट किए गए। इनमें अवैध गांजा, हीरोइन और स्मैक शामिल हैं। नष्ट किए गए पदार्थों की अनुमानित कीमत करीब 14.50 लाख रुपये बताई गई है।

इन्सिनेटर के जरिए कराया गया विनष्टीकरण

यह कार्रवाई थाना अलीगंज क्षेत्र स्थित महामाया एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज के इन्सिनेटर के माध्यम से निर्धारित मानकों के अनुसार कराई गई। पूरी प्रक्रिया की निगरानी अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) श्यामदेव और क्षेत्राधिकारी टांडा शुभम कुमार के नेतृत्व में की गई।

ड्रग डिस्पोजल कमेटी ने न्यायालय के आदेश के अनुपालन में यह कार्रवाई की। कमेटी द्वारा मादक पदार्थों, स्वापक औषधियों और मनःप्रभावी पदार्थों के सुरक्षित निस्तारण की प्रक्रिया पूरी की गई।

नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान जारी

पुलिस विभाग के अनुसार, जिले में नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए विभिन्न थानों की पुलिस सक्रिय रूप से कार्रवाई कर रही है।

एसपी का बयान

पुलिस अधीक्षक अभिजित आर शंकर ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। उन्होंने बताया कि न्यायालय के निर्देशानुसार जब्त किए गए नशीले पदार्थों का समय-समय पर विनष्टीकरण कराया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button