शादी वाले परिवारों को राहत

लखनऊ में जरूरत के अनुसार मिलेंगे गैस सिलेंडर

  • शादी का कार्ड दिखाकर करना होगा आवेदन
  • जांच के बाद जरूरत के अनुसार मिलेगा सिलेंडर
  • प्रशासन ने भोजन व्यवस्था प्रभावित न होने का दिया आश्वासन

लखनऊ: राजधानी लखनऊ में शादी समारोह की तैयारियों के बीच गैस सिलेंडर की किल्लत से जूझ रहे परिवारों के लिए राहत की खबर है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शादी वाले परिवारों को उनकी जरूरत के अनुसार गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे। हालांकि, इसके लिए अधिकतम सीमा 8 कॉमर्शियल सिलेंडर तय की गई है।

शुक्रवार को एडीएम (आपूर्ति) ज्योति गौतम और जिला पूर्ति अधिकारी विजय प्रताप सिंह के कार्यालय में बड़ी संख्या में लोग आवेदन लेकर पहुंचे। बीते दो दिनों में करीब 250 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से लगभग 100 आवेदन एडीएम कार्यालय में और करीब 150 आवेदन डीएसओ कार्यालय में जमा किए गए।

अधिकांश परिवार शादी का कार्ड दिखाकर गैस सिलेंडर की मांग कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से बताया गया है कि हर आवेदन की जांच की जाएगी और उसी के आधार पर सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे।

एडीएम (आपूर्ति) ज्योति गौतम ने कहा कि किसी भी शादी समारोह में भोजन व्यवस्था प्रभावित नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि परिवार शादी का कार्ड लगाकर आवेदन कर सकते हैं, जिसके बाद सत्यापन कर आवश्यकतानुसार सिलेंडर दिए जाएंगे।

प्रशासन ने साफ किया है कि एक परिवार को अधिकतम 8 कॉमर्शियल गैस सिलेंडर ही दिए जाएंगे, ताकि सभी जरूरतमंदों को समान रूप से सुविधा मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button