
आगरा: भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जिले की सभी 9 विधानसभा सीटों की अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई है। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के बाद दावे और आपत्तियों के निस्तारण के पश्चात सूची में बड़े बदलाव देखने को मिले हैं।
जिले में कुल 6,37,653 मतदाताओं के नाम सूची से हटा दिए गए हैं। अभियान से पहले जहां कुल मतदाता संख्या 36,00,071 थी, वहीं अब यह घटकर 29,62,418 रह गई है। इस बड़े बदलाव से जिले की सभी विधानसभा सीटों पर राजनीतिक असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सबसे ज्यादा नाम आगरा कैंट विधानसभा क्षेत्र में काटे गए हैं, जबकि दावे और आपत्तियों के निस्तारण के बाद सबसे कम नए मतदाता बाह विधानसभा क्षेत्र में जुड़े हैं।
SIR अभियान के बाद सामने आई स्थिति के मुताबिक, जिले के अधिकांश विधानसभा क्षेत्रों में बड़ी संख्या में पुराने मतदाताओं के नाम हटाए गए, जबकि नए मतदाताओं की संख्या अपेक्षाकृत कम रही। इससे मतदाता संतुलन में बड़ा बदलाव देखने को मिला है।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस बदलाव का सीधा असर आगामी चुनावों पर पड़ सकता है, क्योंकि मतदाता संख्या में इतनी बड़ी कमी राजनीतिक समीकरणों को प्रभावित कर सकती है।









