
अम्बेडकर नगर के जहांगीरगंज थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह लूट की बड़ी वारदात सामने आई। बिडहर पुल के पास कार सवार बदमाशों ने कपड़ा व्यवसायी और उसके साथी को रोककर मारपीट की और नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
पीड़ित पक्ष की ओर से लूट की राशि 17 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। पुलिस इस दावे की पुष्टि के लिए जांच कर रही है और मामले के हर पहलू की पड़ताल की जा रही है।
बिहार से वसूली कर लौट रहे थे व्यापारी
जानकारी के अनुसार नेवारी दुराजपुर निवासी मोहम्मद रईस कपड़े का कारोबार करते हैं। वह बिहार से बिक्री के बाद वसूली कर ट्रेन से खलीलाबाद पहुंचे थे। वहां से अपने साथी मोहम्मद जलाल के साथ बाइक से घर लौट रहे थे।
सुबह करीब 7:30 बजे दोनों बिडहर पुल के पास पहुंचे, तभी पीछे से आई कार ने ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया।
तमंचे के बल पर हमला, नकदी और चेकबुक लूटी
आरोप है कि कार से उतरे तीन बदमाशों ने दोनों पर हमला कर दिया। सिर पर तमंचे के बट से वार कर उन्हें घायल किया गया। इसके बाद रईस के पास रखे करीब 13 लाख रुपये और जलाल के पास मौजूद करीब 3 लाख 90 हजार रुपये से अधिक नकदी वाला बैग छीन लिया गया। बैग में चेकबुक भी रखी थी।
घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश पश्चिम दिशा की ओर फरार हो गए।
पुलिस चौकी के पास वारदात, सुरक्षा पर सवाल
वारदात बिडहर घाट स्थित पुलिस चौकी के पास हुई, जिससे पुलिस गश्त और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। दिनदहाड़े हुई इस घटना ने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी।









