
- संचारी रोग नियंत्रण अभियान तेज
- सिझौली और शिव बाबा वार्ड में सफाई
- नाले-नालियों की गहन सफाई, सिल्ट निकाली
अंबेडकरनगर। अकबरपुर नगर पालिका परिषद ने संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत शहर में वृहद स्वच्छता अभियान तेज कर दिया है। शनिवार को सिझौली और शिव बाबा वार्ड में विशेष सफाई और जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। नगर पालिका की टीम ने कई स्थानों पर एक साथ काम करते हुए सफाई व्यवस्था को मजबूत करने पर ध्यान दिया।
अभियान के दौरान नाले-नालियों की गहन सफाई कर सिल्ट निकाली गई, ताकि जलभराव की समस्या न हो। मच्छरों के प्रजनन को रोकने के लिए एंटी-लार्वा का छिड़काव किया गया। संक्रमण फैलने से रोकने के लिए मेलाथियोन और ब्लीचिंग पाउडर का भी उपयोग किया गया।
सड़कों के किनारे और खाली प्लॉटों में उगी झाड़ियों और घास की कटाई कराई गई। शाम के समय वार्डों में फॉगिंग अभियान चलाकर मच्छरों को खत्म करने का प्रयास किया गया। नगर पालिका के अनुसार, यह अभियान लगातार अन्य वार्डों में भी जारी रहेगा।
नगरवासियों से सहयोग की अपील
अभियान की निगरानी कर रहे अधिशाषी अधिकारी ने नगरवासियों से सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि घरों के आसपास पानी जमा न होने दें। कूलर, गमलों और टूटे बर्तनों में पानी इकट्ठा होने से मच्छर पनपते हैं।
लोगों से कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने और नगर पालिका की कूड़ा गाड़ियों का उपयोग करने को कहा गया है। साथ ही, सफाई कर्मियों और फॉगिंग टीम को सहयोग देने की अपील की गई है।
टीम की सक्रिय भागीदारी
अभियान में स्वच्छ भारत मिशन और नगर पालिका की टीम सक्रिय रही। इसमें जसवंत सिंह यादव, इसराइल, अंकित अग्रहरि और फखरुल हसन समेत कई कर्मचारी शामिल रहे। सभी ने अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई कार्य की निगरानी की।









