
भीटी थाना क्षेत्र में शनिवार रात हुए सड़क हादसे में एक ग्राम प्रधान की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने एम्बुलेंस सेवा की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए हैं।
हादसा शनिवार रात करीब आठ बजे रानीपुर मोहन गांव के पास हुआ। जानकारी के अनुसार भीटी थाना क्षेत्र के ग्राम रानीपुर मोहन निवासी 55 वर्षीय ग्राम प्रधान राम बलि शनिवार को मिझौड़ा स्थित अपने रिश्तेदार के यहां गए थे। देर शाम वह बाइक से वापस घर लौट रहे थे। बताया गया कि जैसे ही वह रानीपुर गांव के पास पहुंचे, सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरी बाइक चला रहे 25 वर्षीय मनोज किसी रिश्तेदारी में गांव आए हुए थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।
परिजनों ने निजी वाहन से पहुंचाया अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान के परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में उन्हें निजी वाहन से जिला अस्पताल लेकर गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद राम बलि को मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे घायल युवक मनोज का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
ग्राम प्रधान की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया। देर रात तक लोगों की भीड़ मृतक के घर पर जुटी रही। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ था। ग्रामीणों ने बताया कि राम बलि गांव में मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे और लंबे समय से सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहते थे।









