
अंबेडकरनगर। जिले में पुलिस प्रशासन में बड़ा बदलाव हुआ है। शासन ने पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर का तबादला कर उन्हें देवरिया जिले में तैनात किया है। वहीं उनकी जगह 2017 बैच की आईपीएस अधिकारी प्राची सिंह को अंबेडकरनगर का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
यह तबादला आदेश शासन स्तर पर जारी किया गया, जिसके बाद पुलिस महकमे में हलचल देखी जा रही है। जिले में इसे एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।
सात महीने का रहा कार्यकाल
अभिजीत आर शंकर करीब सात महीने तक अंबेडकरनगर के पुलिस अधीक्षक रहे। इस दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था को मजबूत करने, अपराध नियंत्रण और कई अभियान चलाने पर फोकस किया। उनके कार्यकाल में पुलिस की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई को लेकर कई मामलों में चर्चा रही।अब उन्हें देवरिया जिले में नई जिम्मेदारी दी गई है, जहां वे वहां की कानून-व्यवस्था की कमान संभालेंगे।
नए एसपी के रूप में प्राची सिंह की तैनाती
अंबेडकरनगर की 28वीं पुलिस अधीक्षक के रूप में प्राची सिंह की तैनाती की गई है। वह मूल रूप से फतेहपुर जिले की रहने वाली हैं। इससे पहले वह लखनऊ में 32वीं वाहिनी पीएसी में सेनानायक के पद पर कार्यरत थीं।प्राची सिंह 2017 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं और उनकी पहचान तेज-तर्रार प्रशासनिक अफसर के रूप में रही है।
प्रशासनिक गलियारों में चर्चा
नए एसपी की नियुक्ति को लेकर प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज है। माना जा रहा है कि उनकी कार्यशैली से जिले में कानून-व्यवस्था और मजबूत होगी तथा पुलिसिंग सिस्टम में नई गति आएगी।









