
अम्बेडकर नगर के अकबरपुर तहसील क्षेत्र के बन्दनडीह गांव में सोमवार दोपहर गेहूं के खेत में अचानक आग लग गई। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास के खेतों को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग मौके पर जुट गए और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। इसी बीच फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची फायर टीम और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद कई घंटे में आग पर काबू पाया।
इस आगजनी की घटना में आधा दर्जन से अधिक किसानों की करीब 10 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। प्रभावित किसानों में बृजेश कुमार, मुकेश कुमार, विधाधर पांडेय, रूद प्रसाद पांडेय, हौसिल प्रसाद, देवी प्रसाद और दिनेश राम प्रसाद शामिल हैं।
आग पर काबू पाने तक खेतों में खड़ी पूरी फसल नष्ट हो चुकी थी। घटना के बाद राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम नुकसान का आकलन करने में जुटी है।प्रशासन ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं किसानों को हुए नुकसान का आंकलन कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









